देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी के पक्ष में सियासी माहौल को और अधिक मजबूत करने, जमीनी स्तर पर संगठन की गतिविधियों की निगरानी करने तथा स्थानीय कमियों को दूर करने के लिए भाजपा ने एक बड़ी रणनीति के तहत 19 'जिला प्रवासी प्रभारी' तैनात कर दिए हैं। खास बात यह है कि इन प्रभारियों के रूप में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अनुभवी संगठन पदाधिकारियों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों को उत्तराखंड के चुनावी मैदान में उतारा गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी के पक्ष में माहौल मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दूसरे राज्यों के नेताओं को मैदान में उतारा गया है। भाजपा ने प्रदेश के सभी 19 संगठनात्मक जिलों में जिला प्रवासी प्रभारी तैनात किए हैं। इनमें दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के संगठन पदाधिकारी, विधायक तथा पूर्व मंत्री शामिल हैं। इन प्रवासी प्रभारियों को अपने-अपने संगठनात्मक जिलों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा क्षेत्रों में लगातार प्रवास करने की जिम्मेदारी दी गई है। उनका मुख्य काम संबंधित विधानसभा का राजनीतिक मिजाज समझना, संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करना और पार्टी के पक्ष में अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए आवश्यक कदम उठाना होगा। इसके साथ ही वे संगठन की गतिविधियों की निगरानी करेंगे और जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर कराने के लिए प्रयास करेंगे। भाजपा की इस रणनीति में बूथ प्रबंधन को विशेष महत्व दिया गया है। प्रवासी प्रभारी बूथ स्तर पर चल रही तैयारियों की समीक्षा करेंगे और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि चुनाव में सफलता के लिए केवल प्रदेश स्तर की रणनीति पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक विधानसभा और बूथ पर संगठन की मजबूत मौजूदगी जरूरी है। इस जिम्मेदारी के लिए दिल्ली से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, विधायक श्याम शर्मा, कमांडो सुरेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण गौतम, विधायक शैलेंद्र मोंटी और रविंद्र नेगी तथा प्रदेश मंत्री गौरव खारी को जिम्मेदारी दी गई है। हरियाणा से पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया, विधायक विनोद बयाना, प्रदेश मंत्री मुकेश गौड़ और विधायक लक्ष्मण यादव को प्रवासी प्रभारी बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश से प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और जम्मू-कश्मीर से प्रदेश महामंत्री गोपाल महाजन, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. देवेंद्र कुमार तथा प्रदेश सचिव रेखा महाजन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने बताया कि प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों में प्रवासी प्रभारी बनाए गए हैं। उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्रों का मिजाज समझकर उसी के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना और पार्टी के पक्ष में अनुकूल माहौल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि ये प्रभारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को सुनिश्चित करेंगे। राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की कवायद माना जा रहा है। दूसरे राज्यों के अनुभवी नेताओं की तैनाती से पार्टी स्थानीय संगठन की स्थिति का आकलन करने के साथ कमजोर कड़ियों को मजबूत करने पर भी ध्यान देगी। अब इन प्रवासी प्रभारियों के विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले दौरों और उनकी रिपोर्ट पर संगठन की आगे की रणनीति निर्भर करेगी।

